कश्मीर”,प्रकृति की खूबसूरती और विकास की रोशनी मिलकर एक नई पहचान बना रहा हैं
“जम्मू एंड कश्मीर, खूबसूरती और विकास का अद्भुत संगम”
संयम भारत।जब मुझे (पीआईबी) सरकारी पहल के अंतर्गत कश्मीर जाने का अवसर मिला, तो यह मेरे लिए सिर्फ एक यात्रा नहीं बल्कि एक यादगार अनुभव बन गया, बचपन से हमने कश्मीर के बारे में सुना था कि यह “धरती का स्वर्ग” है, लेकिन जब अपनी आँखों से इसकी सुंदरता देखी, तो महसूस हुआ कि शब्द इसकी खूबसूरती को पूरी तरह व्यक्त ही नहीं कर सकते। श्रीनगर एवं कश्मीर के डल झील, मुगल गार्डेन, आदि शंकराचार्य मंदिर, लाल चौक, श्रीनगर स्मार्ट सिटी, गुलमर्ग, पुलवामा, पहलगाम, बैली, बारामुला,सोनवर्ग,सिल्क बोर्ड, कई फ्लावर नर्सरी आदि स्थान धरती का स्वर्ग होने कि गवाही अपने आप दे रहे हैं।
“काश्मीर” की वादियों में कदम रखते ही ऐसा लगा मानो प्रकृति ने अपना सबसे सुंदर रूप यहीं सजाया हो। चारों ओर ऊँचे-ऊँचे पहाड़, हरियाली से ढकी घाटियाँ, ठंडी और ताज़ा हवा, और लोगों के चेहरे पर सादगी भरी मुस्कान, यह सब मन को सुकून देने वाला था। यहाँ की हर सुबह नई उम्मीद लेकर आती है और हर शाम एक अलग ही शांति का अनुभव कराती है।

विशेष रूप से “डल लेक” की खूबसूरती देखने लायक थी। शांत पानी पर तैरती रंग-बिरंगी शिकारे, चारों तरफ पहाड़ों का नज़ारा और ठंडी हवा का हल्का सा स्पर्श, यह पल हमेशा के लिए यादगार बन गया। झील के आसपास की साफ-सफाई और व्यवस्थाएँ यह दर्शाती हैं कि यहाँ पर्यटन को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य कश्मीर में हो रहे विकास कार्यों को देखना भी था,पिछले कुछ वर्षों में यहाँ इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है, श्रीनगर शहर में बेहतर सड़कें, साफ-सुथरे सार्वजनिक स्थान, आधुनिक स्ट्रीट लाइट और सुगम परिवहन सुविधाएँ देखने को मिलीं, इससे यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले, “गुलमर्ग” की बर्फ से ढकी ढलानें और यहाँ की विश्व-प्रसिद्ध केबल कार पर्यटकों को आकर्षित करती है। वहीं “पहलगांव” की शांत वादियाँ और बहती नदियाँ मन को एक अलग ही शांति देती हैं। यहाँ पहुँचने के लिए बेहतर सड़क और सुविधाओं ने यात्रा को पहले से अधिक आसान बना दिया है।
कश्मीर के लोगों की मेहमाननवाजी इस यात्रा की सबसे खास बात रही। यहाँ के लोग बहुत ही सरल, विनम्र और सहयोगी हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि विकास कार्यों से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं। शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलने से युवाओं में एक नई उम्मीद दिखाई देती है।
सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का प्रभाव साफ दिखाई देता है। स्थानीय हस्तशिल्प, जैसे कालीन, पश्मीना शॉल और लकड़ी की कारीगरी को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों को रोजगार मिल रहा है और उनकी कला देश-विदेश तक पहुँच रही है। इससे यह समझ आता है कि विकास केवल सड़कों और इमारतों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस यात्रा ने मुझे यह महसूस कराया कि कश्मीर केवल प्राकृतिक सुंदरता का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह एक ऐसे क्षेत्र का उदाहरण है जहाँ परंपरा और आधुनिकता साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं, यहाँ की वादियाँ हमें प्रकृति से जुड़ना सिखाती हैं और यहाँ हो रहा विकास हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कश्मीर की यह यात्रा मेरे लिए सीख, प्रेरणा और यादों का अनमोल खजाना बन गई है, यहाँ आकर यह महसूस हुआ कि यदि सही दिशा में प्रयास किए जाएँ तो किसी भी क्षेत्र का विकास संभव है और उसकी पहचान को और मजबूत बनाया जा सकता है।
कश्मीर सच में एक ऐसा स्थान है जहाँ खूबसूरती दिल को छू लेती है और विकास भविष्य के लिए विश्वास पैदा करता है।
“कश्मीर में इंफ्रास्ट्रक्चर का बदलता चेहरा”
कश्मीर घाटी में इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से हो रहा विकास क्षेत्र की तस्वीर बदल रहा है। सड़क, रेल और हवाई संपर्क में सुधार ने न केवल आम लोगों की जिंदगी को आसान बनाया है, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति दी है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण और सुरंगों के निर्माण से यात्रा का समय कम हुआ है और पूरे साल संपर्क बनाए रखना संभव हो पाया है।
“कश्मीर में पर्यटन का स्वर्णिम दौर”
कश्मीर की खूबसूरत वादियां एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो रही हैं। प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक धरोहर और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था ने इसे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया है। श्रीनगर, गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे स्थानों पर पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।
“कश्मीर में रेशम,सिल्क उद्योग एवं बुनाई फिर से अग्रसर”
कश्मीर का रेशम उद्योग एक बार फिर अपने सुनहरे दौर की ओर लौट रहा है। कश्मीरी सिल्क अपनी गुणवत्ता और महीन बुनाई के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध रहा है। सरकार द्वारा इस पारंपरिक उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं।
“जम्मू एंड कश्मीर और सीमांत क्षेत्र में विकास की प्रबल संभावना है गुरेज वैली”
कश्मीर की गुरेज वैली, जो नियंत्रण रेखा के पास स्थित है, अब विकास और पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभर रही है। पहले यह क्षेत्र अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण काफी हद तक अलग-थलग था, लेकिन अब यहां तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
वरिष्ठ पत्रकार आचार्य श्रीकांत तिवारी

