News

रीवा–रानी कमलापति ट्रेनों को प्रयागराज तक बढ़ाने की मांग तेज

विशेष संवाददाता प्रयागराज, संयम भारत, मध्य प्रदेश की राजधानी रानी कमलापति (भोपाल) से रीवा के बीच चलने वाली ट्रेनों को प्रयागराज जंक्शन तक विस्तारित करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं एडवोकेट्स एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष जय राज सिंह तोमर द्वारा रेल मंत्रालय और उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजा गया है।पत्र में विशेष रूप से ट्रेन संख्या 20173 (वंदे भारत एक्सप्रेस) तथा ट्रेन संख्या 20174 (रीवा–रानी कमलापति) के संचालन को रीवा से बढ़ाकर प्रयागराज जंक्शन तक किए जाने का अनुरोध किया गया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि इससे न केवल न्यायिक कार्यों में सुविधा होगी बल्कि आम जनता को भी बड़ा लाभ मिलेगा।अधिवक्ता संघ ने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रयागराज में उच्च न्यायालय, संगम तीर्थ क्षेत्र, केंद्रीय विश्वविद्यालय, विभिन्न शैक्षणिक संस्थान और प्रमुख प्रशासनिक कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में मध्य प्रदेश, विशेषकर रीवा एवं रानी कमलापति क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।पत्र में यह भी कहा गया है कि रानी कमलापति (भोपाल) से प्रयागराज के लिए कोई सीधी और तेज़ गति की ट्रेन उपलब्ध नहीं है। यात्रियों को कई ट्रेनों में समय व्यतीत करना पड़ता है, जबकि हवाई सेवा भी उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों के पास सीमित विकल्प रह जाते हैं।अधिवक्ता संघ का तर्क है कि यदि वंदे भारत जैसी तेज़ और आधुनिक ट्रेन को प्रयागराज तक बढ़ाया जाता है तो इससे अधिवक्ता, छात्र, व्यापारी, सरकारी कर्मचारी और तीर्थयात्री सभी को लाभ होगा। साथ ही संगम, काशी और अयोध्या जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच भी सुगम हो सकेगी।पत्र में यह भी आग्रह किया गया है कि ट्रेनों के विस्तार संबंधी सूचना उच्च न्यायालय इलाहाबाद तथा एडवोकेट्स एसोसिएशन को भी दी जाए, ताकि अधिवक्ताओं और न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों को समय रहते जानकारी मिल सके।इस मांग की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, मुख्य सचिव, सांसद फूलपुर एवं प्रयागराज के जनप्रतिनिधियों को भी भेजी गई है, जिससे जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लिया जा सके।अब देखना यह होगा कि रेल मंत्रालय और उत्तर मध्य रेलवे इस मांग पर क्या रुख अपनाते हैं। यदि यह प्रस्ताव स्वीकार किया जाता है, तो प्रयागराज और मध्य प्रदेश के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी और हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *