News

राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान के तहत ऐसे प्रकरण जिनमें सुलह समझौता के आधार पर समाधान की संभावना अधिक हो, को कराए निस्तारण

 


मध्यस्थता से समाधान की ओर बढ़ता प्रयागराज: जुलाई में 230 मामलों का हुआ निस्तारण, 30 सितंबर तक चलेगा राष्ट्रीय अभियान

संयम भारत संवाददाता
प्रयागराज।  न्यायिक प्रक्रिया को त्वरित, सुलभ और सौहार्दपूर्ण बनाने की दिशा में प्रयागराज में राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान ज़ोर पकड़ रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयागराज के निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान के अंतर्गत जुलाई माह में जिला मध्यस्थता केंद्र ने 230 वादों का रिकॉर्ड निस्तारण किया है।

इस अभियान का उद्देश्य न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का समाधान कराना है, जिनमें सुलह और समझौते की संभावना है। श्री दिनेश कुमार गौतम, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयागराज ने जानकारी दी कि यह अभियान 30 सितंबर 2025 तक संचालित किया जाएगा।

इन विवादों का हो रहा समाधान

अभियान में शामिल प्रमुख मामलों में वैवाहिक विवाद, मोटर वाहन दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, लघु आपराधिक मामले, उपभोक्ता फोरम के वाद, ऋण वसूली, संपत्ति बंटवारा तथा भूमि अधिग्रहण जैसे मामले शामिल हैं।

मध्यस्थता: सस्ता, सरल और प्रभावी विकल्प

मध्यस्थता का मुख्य उद्देश्य है कि पक्षकार बिना अदालत जाए आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान करें। यह प्रक्रिया गोपनीय होती है और इसमें दोनों पक्षों को अपनी बात खुलकर रखने और समझने का अवसर मिलता है। साथ ही, यह पारंपरिक न्याय प्रक्रिया की तुलना में कम खर्चीली, समय की बचत करने वाली और मानव संबंधों को संरक्षित रखने वाली प्रक्रिया है।

जनसाधारण और अधिवक्ताओं से अपील

न्यायाधीश  दिनेश कुमार गौतम जी  ने आम नागरिकों और विधि व्यवसायियों से आग्रह किया कि वे इस अभियान के तहत अपने-अपने वादों का निस्तारण कराने के लिए संबंधित न्यायालय में प्रार्थना पत्र जमा करें। यह उनके लिए शीघ्र न्याय प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर हो सकता है।

समाप्ति की ओर बढ़ते मामलों का समाधान

जुलाई माह में ही 230 से अधिक वादों का समाधान, यह दर्शाता है कि यदि पक्षकार सकारात्मक पहल करें, तो लंबित मामलों का समाधान सहजता से किया जा सकता है। मध्यस्थता अभियान जनहित में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।


✍️ विशेष संवाददाता | संयम भारत | प्रयागराज

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *