इटावा में संपन्न हुआ इटावा हिंदी सेवा निधि का 33वां सारस्वत समारोह
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के कर-कमलों से ‘सुख दर्शिका’ का भव्य लोकार्पणसंयम भारत संवाददाता व्यूरो,इटावा।‘हिंदी गौरव’ न्यायमूर्ति स्वर्गीय प्रेम शंकर गुप्त द्वारा स्थापित इटावा हिंदी सेवा निधि के तैंतीसवें वार्षिक अधिवेशन (सारस्वत समारोह) का भव्य आयोजन शनिवार, 20 दिसंबर 2025 को इस्लामिया इंटर कॉलेज प्रांगण, इटावा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह का आयोजन न्यास के महासचिव प्रदीप कुमार के कुशल नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सूर्यकांत,मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, भारत रहे। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्र गौरव अध्यक्ष जनाब वसीम ‘बरेलवी’ ने की। इस अवसर पर सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के अनेक न्यायमूर्ति गण, हिंदी जगत के प्रतिष्ठित विद्वान, अन्य भारतीय भाषाओं के मनीषी एवं देशभर से आए विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।समारोह में हिंदी भाषा के प्रसार, साहित्य साधना तथा विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र सेवा को समर्पित महानुभावों को सम्मानित किया गया। साथ ही अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।इसी क्रम में प्रयागराज के फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. यशवंत कुमार पी.टी. ( भौतिक चिकित्सक ) द्वारा रचित पुस्तक सुख दर्शिका” काव्य संकलन का भव्य लोकार्पण मुख्य न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय सूर्यकांत के कर-कमलों से किया गया।कार्यक्रम के द्वितीय सत्र (काव्य पाठ) की अध्यक्षता हिंदी अनुरागी न्यायमूर्ति बृजराज सिंह ने की, जिसमें कवियों एवं साहित्यकारों ने अपनी ओजस्वी एवं भावपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।समारोह ने हिंदी भाषा, साहित्य और संस्कृति के उत्थान के साथ-साथ सामाजिक चेतना और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

