शनिवार, मार्च 21, 2026
Latest:
Bhadohi NewsBreaking NewsIndiaNews

डीएम गौरांग राठी के विदाई व विशाल सिंह के स्वागत में भाव विह्वल हुआ कलेक्टेट परिसर

भदोही, संयम भारत, 03 मार्च 2024 – निवर्तमान जिलाधिकारी गौरांग राठी की विदाई व नवागत जिलाधिकारी विशाल सिंह का स्वागत समारोह कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया बंधुओ व जनपदवासियों ने किया। ‘‘विदाई-स्वागत समारोह’’ में निवर्तमान जिलाधिकारी गौरांग राठी की विदाई व नवागत जिलाधिकारी विशाल सिंह के स्वागत समारोह में सभी ने उनके प्रति आभार जताते हुए अपने अनुभव व भाव व्यक्त किया।


निवर्तमान डीएम गौरांग राठी द्वारा जनपद में जॉइनिंग से लेकर स्थानांतरण तक किए गए महत्वपूर्ण कार्यों,उपलब्धियों,पलों को सहेजते एक वीडियो डॉक्यूमेंट्री के रूप में उपस्थित लोगों के बीच प्रसारण किया गया, जिसकी सभी लोगों ने सराहना करते हुए उनके साथ बिताए पलों को जीवंत किया।


विदाई-स्वागत समारोह’’ में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने भदोहीवासियों के स्नेह व विश्वास जताने के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेरे 17 महीने के सेवा काल में मुझे सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों व जनता जनार्दन का भरपूर सहयोग,स्नेह व प्यार मिला जो मेरे जीवन की अमूल्य पूजी है।


जनपद भदोही में अपने सेवा काल के दौरान शासन के मंशानुरूप एवं जनहितार्थ मैने जो कुछ भी विकास कार्य व नवाचार पहल कर सका, वह आप सभी के सहयोग व कर्तव्य निष्ठा से ही संभव हो सका। समय-समय पर शासन द्वारा दिए गए लक्ष्यों, जन कल्याणकारी नीतियों,योजनाओं अभियानों,उपलब्धियां को आप सभी के कर्तव्य परायणता व सहयोग से ही,हम सभी ने मिलकर सफल व शानदार बनाया। आप सभी ने अपने पदीयदायित्वों का पूर्ण मनोयोग से निर्वहन करते हुए जनपद को विकास के नए क्षितिज पर पहुंचाया। जिसके लिए मैं आपके कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आप सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।
सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण एवं कमजोर वर्गों के प्रति सहानुभूति के उनके कार्य दर्शन से जनता उन्हें “लोक सेवक” एवं “जननायक” के रूप में देखती है।


ग्राम ज्ञानालय, ग्रामीण स्पोर्ट्स हब, जन संवाद अभियान, खेत तालाब ,ग्रामीण सफाई महाअभियांन, न्यायालय आपके द्वार,कारागार बंदियों द्वारा निर्मित कालीन का “ताना-बाना विक्रय केंद्र”, औराई अग्निकांड हादसे में राहत बचाव कार्य जैसे- अभिनव पहल व उल्लेखनीय कार्य के लिए निवर्तमान जिलाधिकारी गौरांग राठी का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज रहेगा।


नवागत जिलाधिकारी विशाल सिंह ने निवर्तमान जिलाधिकारी गौरांग राठी व उनकी माताजी श्रीमती राजकुमारी राठी का स्वागत अभिनन्दन करते हुए विश्वास जताया कि उनके द्वारा खीचे गये विकास कार्यो के रेखा को वे और आगे बढ़ायेगें। उन्होंने कालीन के कारण जनपद को मिली अन्तराष्ट्रीय पहचान को आगे बढ़ाते हुए उद्यमियों व बुनकरों की समस्याओं का जमीनी स्तर पर निराकरण करने की अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने जनपद में पर्यटन के असीम सम्भावनाओं पर बल देते हुए विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर रहने के आयामो पर चर्चा की। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास की मूल भावना पर कार्य करते हुए सभी के सहयोग समन्वय व सुझाव पर बल दिया। उन्होंने जनता जनार्दन व अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके जनपद के विकासात्मक आकांक्षाओं को शत्-प्रतिशत पूर्ण करने की अपनी इच्छा शक्ति जताई।

पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने निवर्तमान डीएम गौरांग राठी के साथ अपने अनुभव साझा करती हुई बताया कि वे दोनों एक ही बैच में यूपीएससी क्लियर किए,मंसूरी में साथ ही ट्रेनिंग किये एवं जनपद भदोही में भी समयांतराल साथ कार्य करने का अवसर मिला। पुलिस अधीक्षक ने डीएम गौरांग राठी को एक कुशल प्रशासक, टीम भावना के साथ कार्य करना, अच्छी कार्य संस्कृति विकसित करना, सत्य निष्ठा निष्पक्षता के साथ कार्य करने वाले लोक सेवक के रूप बताया।

मुख्य विकास अधिकारी यशवंत कुमार सिंह ने निवर्तमान डीएम गौरांग राठी को इंसानियत व मानवीय, सामाजिक सरोकारों के रक्षक रूप में देखा। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली, सदाचार पूर्ण आचरण,सदव्यवहार,सत्यनिष्ठा व कर्तव्यनिष्ठा सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित, प्रोत्साहितl व मार्गदर्शी दर्शित करती है।


विदाई स्वागत समारोह के क्रम में दोनों जिलाधिकारियों के साथ जनता, अधिकारी व कर्मचारी, जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर सामूहिक फोटो खिचवाते हुएk इन मधुर पलों को यादगार बनाया। तत्पश्चात् जिलाधिकारी की गाड़ी को फूलों से सजाकर, सम्मान प्रतीक स्वरूप गाड़ी को हाथ से आगे बढ़ाते हुए निवर्तमान जिलाधिकारी गौरांग राठी को मंगलकामनाओं के साथ जीवन के नए असाइनमेंट के लिए विदा किया।
ब्लॉक प्रमुख औराई बृज मोहन मिश्र, द्वय अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, शिव नारायण सिंह, एसडीम भदोही शिव प्रकाश यादव, खाद्य आयुक्त चंदन पांडेय,जिला सूचना आधिकारी डा. पंकज कुमार, तहसीलदार सत्यपाल प्रजापति सहित कई अधिकारियों, कर्मचारियों ,मीडिया बंधुओं ,जनपदवासियों ने निवर्तमान जिलाधिकारी के साथ बिताए गए अपने अनुभव पलों को व्यक्त करते हुए उन्हें हृदयतल की गहराइयों से विदाई देते हुए उन्हें जीवन के नए पड़ाव की बधाई व शुभकामना दिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *