Bhadohi NewsBreaking NewsIndiaNews

जाति बदलकर दिव्यांग दलित की जमीन हड़पने का आरोप, ज्ञानपुर तहसील में भू-माफिया पर गंभीर सवाल

विशेष संवाददाता भदोही, संयम भारत, ज्ञानपुर तहसील क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां भू-माफिया द्वारा कथित रूप से जाति बदलकर एक दिव्यांग दलित की जमीन हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित मल्लू, जो दोनों आंखों से दिव्यांग हैं और अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं, ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।पीड़ित का आरोप है कि भू-माफिया कमला शंकर मिश्रा और उनके सहयोगियों ने कागजातों में हेराफेरी कर उनके पूर्वजों की जाति चमार को पासी दर्शा दिया, ताकि जमीन पर अवैध कब्जा किया जा सके। मल्लू का कहना है कि स्वर्गीय मनबोध पुत्र स्वर्गीय माताबदल, स्वर्गीय गंगाराम एवं उनके वारिस सदैव चमार जाति से रहे हैं, लेकिन दस्तावेजों में जानबूझकर जातिगत परिवर्तन दिखाया गया।शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि अनुसूचित जाति के व्यक्ति द्वारा दान पत्र कानूनन वैध नहीं होता, इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर जमीन का हस्तांतरण किया गया। दिनांक 31 जुलाई 2011 को ग्राम सभा की खुली बैठक में प्रस्ताव पारित हुआ था कि स्वर्गीय मनबोध पुत्र स्वर्गीय माताबदल चमार के अतिरिक्त कोई अन्य वारिस नहीं है, इसके बावजूद कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।पीड़ित ने मांग की है कि स्वर्गीय मनबोध, गंगाराम एवं शीतला से संबंधित कुटुंब रजिस्टर, परिवार रजिस्टर, कुर्सीनामा और वंशावली को सार्वजनिक कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके। आरोप है कि इसी प्रकार की हेराफेरी कर भू-माफिया द्वारा ग्राम सभा की बीसों बीघा जमीन सहित अन्य लोगों की भूमि पर भी कब्जा किया गया है, जिसको लेकर पहले भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।मल्लू ने प्रशासन से न केवल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, बल्कि अपने परिवार और सहयोगियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या रुख अपनाता है और क्या पीड़ित दिव्यांग दलित को न्याय मिल पाता है या नहीं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *